ICC Rankings: ICC की ताजा रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा की रैंकिंग में बड़ी गिरावट आई है। दोनों भारतीय सुपरस्टार टेस्ट रैंकिंग में 5-5 पायदान नीचे खिसके हैं। वहीं, ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टेस्ट रैंकिंग में फायदा हुआ है। इसके अलावा, ऋषभ पंत टेस्ट रैंकिंग में जायसवाल से सिर्फ एक पायदान नीचे हैं। जायसवाल तीनों फॉर्मेट में टॉप 5 में जगह बनाने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज हैं।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में 5 पायदान नीचे खिसकने के बाद अब 716 अंकों के साथ 10वें स्थान पर हैं। वहीं, विराट कोहली 5 पायदान नीचे खिसकने के बाद अब 709 अंकों के साथ 12वें स्थान पर हैं। टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट 899 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर हैं। वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में रोहित शर्मा दूसरे, विराट कोहली चौथे और शुभमन गिल तीसरे स्थान पर हैं, जबकि पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम शीर्ष पर हैं।
टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड 881 की रेटिंग के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव 805 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट तीसरे और भारत के यशस्वी जायसवाल 757 की रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम 755 की रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में भी भारत का दबदबा
टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 871 की रेटिंग के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह 854 की रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के कुलदीप यादव 665 की रेटिंग के साथ चौथे स्थान पर हैं, जिससे वह वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष 5 में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। हालांकि, टी20 इंटरनेशनल गेंदबाजी रैंकिंग में कोई भी भारतीय गेंदबाज शीर्ष 5 में मौजूद नहीं है।

