Ghaziabad: गाजियाबाद के सिहानीगेट थानाक्षेत्र में बरामद हुए शव के मामले में पुलिस ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि पहले यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, क्योंकि शव के पास से तमंचा बरामद हुआ था। लेकिन जांच के बाद पता चला कि यह एक योजनाबद्ध हत्या का मामला है। मृतक की पहचान ऋषभ गुप्ता के रूप में हुई, जिसे उसके पुराने बिजनेस पार्टनर अनुज शर्मा ने आपसी रंजिश के चलते मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार, अनुज शर्मा के खिलाफ पहले से ही 2021 में विजयनगर थाने में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज था, जिसमें वह फरार चल रहा था। ऋषभ की हत्या करने के बाद अनुज ने उसी पुराने मामले में सरेंडर कर दिया और जेल चला गया। इस मामले में पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बसंत रोड पर पड़ा मिला था शव
मंगलवार की सुबह बसंत रोड पर ऋषभ गुप्ता का गोली लगा हुआ शव पड़ा मिला था। शव के पास ही एक तमंचा बरामद होने के बाद पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई थी। लेकिन मृतक की पहचान होने के बाद जब पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया, तो मामले में नया मोड़ आया। पुलिस ने ऋषभ के मोबाइल की मदद से उसके परिवार से संपर्क किया। ऋषभ गुप्ता एक कारोबारी था। डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि ऋषभ की पत्नी ने बताया कि साप्ताहिक बंदी के चलते वह अक्सर सोमवार की शाम दोस्तों के साथ बाहर निकल जाता था। इस बार भी उसने घर आने की बात नहीं की थी।
पुलिस ने साथ गए दोस्तों से की पूछताछ
डीसीपी सिटी के अनुसार, ऋषभ के साथ गए दोस्तों में अनुज शर्मा, पुलकित गोयल और मुकुल गुप्ता शामिल थे। मुकुल, ऋषभ का चचेरा भाई है। पुलिस ने मुकुल को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की, तो उसने ऋषभ की हत्या की साजिश की बात कबूल कर ली। मुकुल की निशानदेही पर पुलकित गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुकुल ने किया खुलासा: अनुज से था पुराना विवाद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुकुल ने बताया कि ऋषभ और अनुज ने पहले साथ मिलकर व्यापार किया था, लेकिन लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। उसी विवाद के कारण अनुज ऋषभ से रंजिश रखने लगा था, हालांकि वह उसके साथ उठता-बैठता भी था। सोमवार को पुलकित की कार में चारों लोग गाजियाबाद से हरिद्वार जाने के लिए निकले थे। रास्ते में शराब पीते हुए वे मेरठ के परतापुर पहुंचे, जहां ऋषभ ने हरिद्वार जाने से मना कर दिया और गाड़ी वापस मोड़ दी।
नेहरू नगर में मिली मौत
गाजियाबाद लौटते समय अनुज ने खुद कार चलानी शुरू कर दी। नेहरू नगर के बसंत रोड पर ऋषभ ने लघुशंका के लिए गाड़ी रुकवाई। जैसे ही वह कार से बाहर निकला, अनुज ने उसे तमंचे से सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद अनुज ने तमंचा शव के पास ही छोड़ दिया और तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें..
मुख्य आरोपी जेल में, बाकी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सबसे पहले मुकुल गुप्ता को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ के बाद पुलकित गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी अनुज शर्मा ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही पुराने आर्म्स एक्ट के मामले में कोर्ट में सरेंडर कर दिया, जिससे पुलिस को उसे गिरफ्तार करने का मौका नहीं मिला। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अनुज शर्मा को जल्द से जल्द हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है।

