Noida: नोएडा के फेज-तीन कोतवाली क्षेत्र में एक अजीबोगरीब चोरी की घटना सामने आई है, जिसमें चोर ने पीड़ित का मोबाइल फोन चुराने के बाद उसे यह कहते हुए वापस करने का वादा किया कि ‘कुछ दिन इस्तेमाल कर लेने दो, फिर लौटा दूंगा।’ इस घटना के बाद से इलाके में हैरानी का माहौल है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
यह विचित्र घटना नोएडा के सेक्टर-70 स्थित युवराज हाइट्स सोसाइटी में रहने वाले विनय कुमार के साथ घटी। विनय एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वे रोज की तरह सेक्टर-70 से सेक्टर-52 जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए थे। लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि उनका मोबाइल फोन गायब हो गया है। विनय ने काफी कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल नहीं मिला।
कुछ देर बाद जब मोबाइल चालू हुआ तो विनय ने उस पर कॉल किया। हैरानी की बात यह है कि फोन उठाने वाले ने न केवल मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की, बल्कि यह भी कहा, ‘कुछ दिन मोबाइल इस्तेमाल कर लेने दो, फिर लौटा दूंगा।’ इसके बाद चोर ने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया, जिससे उसकी पहचान करना और भी मुश्किल हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित विनय कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी उपायों और मोबाइल की लोकेशन के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का दावा है कि आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी जल्द हो सकती है।
ये भी पढ़ें..
पुलिस की कार्रवाई जारी
इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है जब चोर मोबाइल चुराकर उसे लौटाने का वादा कर रहा है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभव प्रयास कर रही है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाए।

