Delhi: आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने शनिवार, 21 सितंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने राज निवास में आयोजित सादे समारोह में आतिशी को शपथ दिलाई। इसके साथ ही आतिशी दिल्ली की तीसरी और सबसे कम उम्र की महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।
आतिशी के साथ आप विधायकों गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत ने मंत्री पद की शपथ ली। खास बात यह रही कि मुकेश अहलावत पहली बार मंत्री बने हैं, जबकि अन्य मंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार में पहले भी कैबिनेट में रह चुके हैं।
केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी बनीं विधायक दल की नेता
17 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आबकारी नीति से जुड़े मामले में तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद आम आदमी पार्टी विधायक दल की बैठक में आतिशी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया।
नई मुख्यमंत्री और मंत्रियों की पृष्ठभूमि
आतिशी
दिल्ली के कालकाजी से विधायक आतिशी आप की वरिष्ठ नेता हैं। अरविंद केजरीवाल की सरकार में वह शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, बिजली, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास सहित कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। वह आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की कमेटी की भी सदस्य हैं। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से इतिहास में मास्टर डिग्री प्राप्त आतिशी, आम आदमी पार्टी की स्थापना के समय से पार्टी के साथ जुड़ी हुई हैं।
सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वह अरविंद केजरीवाल की सरकार में स्वास्थ्य, शहरी विकास, पर्यटन-कला संस्कृति भाषा, उद्योग, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पहले वह दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक निजी कंपनी में माइक्रोचिप्स और कोडिंग एक्सपर्ट के रूप में की थी।
कैलाश गहलोत
कैलाश गहलोत नजफगढ़ विधानसभा से विधायक हैं और दिल्ली देहात के प्रमुख नेता माने जाते हैं। अरविंद केजरीवाल सरकार में वह परिवहन, राजस्व, प्रशासनिक सुधार, सूचना और प्रौद्योगिकी, कानून और न्याय मंत्रालयों का प्रभार संभाल चुके हैं। 15 अगस्त को तिरंगा फहराने के बाद वह चर्चा में आए थे।
गोपाल राय
गोपाल राय आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रभारी और सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। अरविंद केजरीवाल सरकार में उन्होंने पर्यावरण समेत कई मंत्रालयों का प्रभार संभाला। वह आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी हैं और अन्ना आंदोलन से ही केजरीवाल के साथ जुड़े हुए हैं।
ये भी पढ़ें..
इमरान हुसैन
इमरान हुसैन बल्लीमारान विधानसभा से विधायक हैं और मुस्लिम बहुल इलाकों में उनकी मजबूत पकड़ है। अरविंद केजरीवाल सरकार में वह खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्रालय संभाल चुके हैं। वह जामिया मिलिया इस्लामिया से बिजनेस स्टडीज में स्नातक हैं।
मुकेश अहलावत
मुकेश अहलावत सुल्तानपुर माजरा से विधायक हैं और पहली बार मंत्री बने हैं। दलित समुदाय से आने वाले मुकेश को 2020 में आम आदमी पार्टी ने टिकट दिया था, जिसके बाद उन्होंने जीत हासिल की। इससे पहले यह सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती थी।

