Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भाजपा नेता अमरजीत छाबड़ा ने सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में राहुल गांधी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और 302 के तहत एफआइआर दर्ज की गई है।
दिल्ली में भी राहुल गांधी के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज की गई हैं। भाजपा सिख प्रकोष्ठ के संयोजक चरणजीत सिंह लवली ने तिलक नगर थाने में राहुल गांधी के बयान के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। इसके अलावा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के संयोजक सीएल मीणा ने संसद मार्ग थाने में और अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल गिहारा ने पंजाबी बाग थाने में राहुल गांधी के आरक्षण खत्म करने को लेकर दिए बयान के विरोध में शिकायत दर्ज कराई है।
ये भी पढ़ें..
राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर भी राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मध्य प्रदेश भाजपा ने भोपाल में क्राइम ब्रांच थाने में एफआइआर दर्ज कराने की मांग की है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह और सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने एमपी नगर स्थित क्राइम ब्रांच थाने में गुरुवार को शिकायती पत्र सौंपा।

