Raghav Chaddha: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और सांसद राघव चड्ढा ने आज एक प्रेस वार्ता के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सरकारी आवास देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद की कोई लालसा नहीं है, लेकिन उन्हें नैतिकता और मर्यादा प्रिय हैं। चड्ढा ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते आप के राष्ट्रीय संयोजक को एक आवास मिलना चाहिए, जैसा कि अन्य राष्ट्रीय दलों के नेताओं को मिलता है।
राष्ट्रीय पार्टी के हक का सवाल
राघव चड्ढा ने बताया कि दिल्ली का एक साधारण निगम पार्षद 5 साल के अंदर स्कूटर से बीएमडब्ल्यू तक पहुंच जाता है, लेकिन अरविंद केजरीवाल के पास आज भी अपना घर नहीं है। अब वह अपना सरकारी आवास छोड़कर निजी घर में जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते पार्टी को कार्यालय और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष को आवास मिलना चाहिए।
अन्य पार्टियों को भी मिली है सुविधा
चड्ढा ने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा, कांग्रेस, बसपा और सीपीएम जैसी पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्षों को आवास मिल चुका है, लेकिन केजरीवाल को अब तक कोई सरकारी आवास नहीं दिया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार से मांग की कि आप के राष्ट्रीय संयोजक को भी यह सुविधा मिले।
ये भी पढ़ें..
राघव चड्ढा ने कहा, “हम एक सांसद और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता के नाते यह मांग कर रहे हैं कि हमारे नेता को एक घर अवश्य दिया जाए। यह हमारे अधिकार का प्रश्न है, और इस संबंध में हम केंद्र सरकार को पत्र भी लिख रहे हैं।”
आगे की राह
आप ने स्पष्ट किया कि उनकी यह मांग नैतिकता और मर्यादा के आधार पर है। पार्टी ने इस मुद्दे पर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार से जल्द कदम उठाने की अपील की है।

