Noida News: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर बढ़ते यातायात और भीड़भाड़ को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने ओखला बैराज से यमुना एक्सप्रेसवे तक वैकल्पिक मार्ग (6 लेन एलिवेटेड या 8 लेन ऑन-ग्राउंड) बनाने की योजना प्रस्तावित की है। 18 सितंबर को इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के लिए पत्र भेजा गया था। इसके बाद परियोजना के क्रियान्वयन के लिए आगामी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी, ताकि परियोजना को धरातल पर उतारा जा सके। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात घनत्व अधिक होने के कारण जनता को भीषण जाम का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा, एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक जाम के कारण कार्बन उत्सर्जन भी वायु प्रदूषण को बढ़ा रहा है, और भविष्य में इसके और भी खराब होने की उम्मीद है। इन परिस्थितियों और सुचारू यातायात प्रवाह के लिए वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए, मौजूदा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के विकल्प के रूप में ओखला बैराज से हिंडन-यमुना दोआब के माध्यम से यमुना एक्सप्रेसवे तक एक वैकल्पिक एक्सप्रेसवे (6-लेन एलिवेटेड या 8-लेन ऑन-ग्राउंड) की योजना बनाई गई है।
प्राधिकरण ने प्रमुख सचिव को भेजा पत्र
योजना को मूर्त रूप देने से पहले 18 सितंबर को नोएडा प्राधिकरण की ओर से प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार को उक्त मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के लिए पत्र भेजा गया था। सरकार की ओर से मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किए जाने के बाद परियोजना के क्रियान्वयन के लिए आगामी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी, ताकि परियोजना को धरातल पर उतारा जा सके। यह एक्सप्रेसवे ओखला बैराज के पास से शुरू होकर यमुना और हिंडन दोआब से गुजरेगा और वर्तमान में संचालित यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा।

