Noida: नोएडा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल चोरी और स्नैचिंग करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना फेस-2 पुलिस ने तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से सात चोरी और स्नैचिंग किए गए मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
दिल्ली-एनसीआर में कर रहे थे वारदातें
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान आदर्श पाल (19), सुंदरम (19) और सुल्तान सिंह (20) के रूप में हुई है। ये तीनों अपराधी नोएडा के सेक्टर-84 स्थित मदरसन कंपनी के पीछे से गिरफ्तार किए गए। इन अपराधियों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनमें वनप्लस, वीवो, रेडमी, नार्जो, इनफिनिक्स और ओपो शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान अपराधियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रात के समय छतों या खुले स्थानों पर सोते हुए लोगों के मोबाइल चुराते थे। इसके अलावा, वे मोटरसाइकिल पर घूमकर सड़कों पर चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को भी अंजाम देते थे।
ये भी पढ़ें..
किराए के मकानों में रहकर दे रहे थे वारदातों को अंजाम
गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से ताल्लुक रखते हैं और वर्तमान में नोएडा के फेस-2 क्षेत्र में किराए के मकानों में रह रहे थे। पुलिस ने इन अपराधियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

