Noida: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार से शुरू हुई छापेमारी के तहत मेरठ के प्रमुख कालीन एक्सपोर्टर जितेंद्र गुप्ता के कई प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। इस छापेमारी की कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। हाई कोर्ट के आदेश के बाद ईडी ने अपनी जांच को बढ़ाते हुए मेरठ, दिल्ली, नोएडा और गोवा में एक साथ छापेमारी की है।
636 करोड़ की ठगी का मामला
जितेंद्र गुप्ता और उनकी सहयोगी कंपनियों पर आरोप है कि उन्होंने 330 फ्लैट बनाने के नाम पर निवेशकों से 636 करोड़ की ठगी की है। शारदा एक्सपोर्ट के मालिक जितेंद्र गुप्ता और उनकी सहयोगी कंपनी हसैंडा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के दिल्ली, चंडीगढ़, और गोवा स्थित कुल 11 ठिकानों पर ईडी की टीम ने छापा मारा। इस दौरान ईडी ने संपत्ति के दस्तावेज, लैपटॉप और कई बैंक खातों से जुड़ी जानकारी जब्त की।
आवास और फैक्ट्रियों पर छापेमारी
मेरठ में स्थित जितेंद्र गुप्ता के साकेत आवास, रेलवे रोड पर स्थित कोल्ड स्टोर, और रिठानी व गगोल रोड पर कालीन फैक्ट्रियों पर भी ईडी की टीम ने छापामारी की। शारदा एक्सपोर्ट को देश के बड़े एक्सपोर्टर्स में से एक माना जाता है, जो 100 से अधिक देशों में कालीन और लकड़ी का फर्नीचर निर्यात करता है।
ईडी की आठ लोगों की टीम ने दो गाड़ियों में पहुंचकर घर और फैक्ट्रियों में जांच की। बताया जा रहा है कि इस दौरान टीम ने कई अहम दस्तावेज और बैंक खातों की जानकारी जुटाई। वहीं, दिल्ली, चंडीगढ़ और नोएडा स्थित प्रतिष्ठानों पर भी ईडी की छापेमारी जारी है।
ये भी पढ़ें..
Delhi News: दिल्ली के करोल बाग में ढहा पूराना मकान, 6 लोग फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बड़े कारोबारियों में हलचल
इस छापेमारी की कार्रवाई के बाद अन्य बड़े कारोबारियों में भी हलचल मच गई है। हालांकि, इस मामले में ईडी के हाथ क्या साक्ष्य लगे हैं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

