India vs China Hockey Champions Trophy Final: भारत ने चीन को फाइनल में 1-0 से हराकर एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 का खिताब जीत लिया। पहले तीन क्वार्टर गोल रहित रहने के बाद टीम इंडिया ने आखिरकार चौथे और अंतिम क्वार्टर में शानदार गोल करके 1-0 की बढ़त हासिल कर ली, जो अंत तक बरकरार रही। मैच का एकमात्र गोल भारत के जुगराज ने किया। इतिहास में यह पांचवीं बार है, जब भारत ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीती है।
51वें मिनट में भारत ने किया गोल
मैच की शुरुआत में चीन ने आक्रामक रुख अपनाया, जिससे भारतीय डिफेंस बैकफुट पर आ गया। भारत को पहले क्वार्टर में दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन दोनों बार चीनी गोलकीपर ने गोलपोस्ट का सफलतापूर्वक बचाव किया। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए। हालांकि, मैच का एकमात्र गोल 51वें मिनट में हुआ, जब भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जुगराज को पास दिया, जिन्होंने शानदार गोल करते हुए बॉल को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।
इस जीत के साथ भारत ने स्वर्ण पदक जीता और चीन ने रजत पदक हासिल किया। इस बीच, पाकिस्तान ने तीसरे स्थान के मैच में दक्षिण कोरिया को 5-2 से हराया। अंतिम क्षणों में चीनी खिलाड़ियों ने काफी देर तक गेंद पर कब्जा बनाए रखा, लेकिन भारत का डिफेंस मजबूत रहा। टूर्नामेंट में इससे पहले ग्रुप स्टेज में भारत और चीन के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने 3-0 से आसान जीत हासिल की थी।
भारत ने कब – कब जीता खिताब?
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 2011 में हुई थी, जहां भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर खिताब जीता था। इसके बाद भारत ने 2016 में एक बार फिर पाकिस्तान को 3-2 से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। 2018 में भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। 2023 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने मलेशिया को 4-3 से हराकर चौथी बार ट्रॉफी जीती।

