Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र के ऊंचा अमीरपुर गांव में मंगलवार सुबह एक खौफनाक दृश्य सामने आया। गांव के खेतों में एक विशाल अजगर ने नीलगाय के बछड़े को अपनी पकड़ में जकड़ लिया, जिसे देखकर ग्रामीण दहशत में आ गए। बछड़े को बचाने की कोशिश में ग्रामीण जुटे, लेकिन अजगर की मजबूत पकड़ से बछड़े को छुड़ाने में कामयाब नहीं हो पाए। ग्रामीणों की तमाम कोशिशों के बाद भी बछड़े की मौत हो गई।
अजगर से लड़ाई, लेकिन नाकाम रही कोशिश
मंगलवार सुबह खेतों में काम कर रहे एक ग्रामीण की नजर उस अजगर पर पड़ी, जो नीलगाय के बछड़े को दबोचे हुए था। जब इस घटना की खबर पूरे गांव में फैली, तो वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव के प्रयास शुरू किए। वे रस्सी लेकर आए और अजगर को बांधने की कोशिश करने लगे ताकि बछड़े को छुड़ाया जा सके। काफी मशक्कत के बाद अजगर को रस्सी से लपेटा गया और उसे उठाकर खेत से बाहर लाया जाने लगा। हालांकि, जैसे ही अजगर को खेत से बाहर लाने का प्रयास किया गया, उसने नीलगाय के बछड़े को छोड़ दिया और भागने की कोशिश की।
वन विभाग की टीम ने अजगर को किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया और उसे जंगल में छोड़ने के लिए अपने साथ ले गए।
वीडियो हुआ वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ग्रामीण ने बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि अजगर ने नीलगाय के बछड़े को मजबूती से पकड़ा हुआ है और ग्रामीण उसे बचाने के लिए प्रयासरत हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई है।
ये भी पढ़ें..
Greater Noida: थाना जेवर में महिला और बेटियों पर जानलेवा हमला, पुलिस ने दर्ज किया मामला
ग्रामीणों ने बताया कि अजगर को देखने से पहले तक किसी को नहीं पता था कि इलाके में इस तरह के जंगली जानवर भी हो सकते हैं। इस घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि वे अजगर को सुरक्षित स्थान पर छोड़ देंगे और गांव की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

