Ghaziabad News: एडीसीपी ट्रैफिक ने घंटाघर रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान जीटी रोड पर रूट डायवर्जन की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को कार्यक्रम के दिन जीटी रोड पर डायवर्जन प्लान सुबह 7 बजे से लागू हो जाएगा और कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगा। डायवर्जन के दौरान शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन (नया बस स्टैंड) से चौधरी मोड़ तक सभी ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
रूट डायवर्जन प्लान जानें और असुविधा से बचें
➤ मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दिन सुबह 7 बजे से पुराने जीटी रोड पर सभी तरह के व्यवसायिक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। यह प्रतिबंध छोटे टेंपो, ट्रक और बसों पर समान रूप से लागू रहेगा।
➤ दिल्ली सीमापुरी बॉर्डर से आने वाले और लाल कुआं होते हुए बुलंदशहर की ओर जाने वाले वाहन मोहन नगर से यूपी गेट तक लिंक रोड का इस्तेमाल करेंगे और एनएच-9 का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
➤ कार्यक्रम के दौरान विजयनगर व लाल कुआं से आने वाले सभी वाहन जो हापुड़ तिराहा की ओर जाना चाहते हैं, वे चौधरी मोड़ से अंबेडकर रोड, पुराना बस स्टैंड व सेठ मुकुंदलाल चौक होते हुए हापुड़ तिराहा जा सकते हैं।
शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन (नया बस स्टैंड) से आने वाले और विजयनगर/लाल कुआं की ओर जाने वाले वाहन हापुड़ तिराहा से पुराना बस स्टैंड, अंबेडकर रोड व चौधरी मोड़ होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकते हैं।
प्रतिभागी जानकी गेट व हनुमान गेट से प्रवेश करेंगे
टैबलेट प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थी व जनसभा में शामिल होने वाले अतिथि चौधरी मोड़ पर पहुंचेंगे, अपने वाहन पूर्व निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क करेंगे और कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे। इसी प्रकार रोजगार मेला/लोन मेला में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागी चौधरी मोड़ पर पहुंचेंगे, अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर पार्क करेंगे और जानकी गेट व हनुमान गेट से रमते राम रोड होते हुए रामलीला मैदान परिसर में प्रवेश करेंगे। प्रतिभागियों को जीटी रोड स्थित मुख्य गेट से प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

