Noida: नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने सीआरपीएफ से बर्खास्त एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी कांस्टेबल ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने दो बच्चों का केंद्रीय विद्यालय में दाखिला कराया था। यह खुलासा तब हुआ जब आरोपी के बच्चों ने करीब 9 साल तक स्कूल में पढ़ाई की।
क्या है पूरा मामला
थाना सेक्टर-24 को ग्रेटर नोएडा के सुत्याना स्थित सीआरपीएफ पुलिस उप महानिरीक्षक के कार्यालय से एक शिकायत मिली थी। इसमें बताया गया कि आरोपी जीडी देवदास, जो 116 बटालियन सीआरपीएफ का पूर्व कांस्टेबल था, अनुशासनहीनता के चलते 23 अक्तूबर 2008 को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। बर्खास्तगी के बाद भी आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सहायक कमांडेंट का पहचान पत्र तैयार कर सीआरपीएफ की 116 बटालियन में नौकरी कर ली थी। इसके बाद, उसने सीआरपीएफ का फर्जी पहचान पत्र बनाकर अपने बच्चों का वर्ष 2013 से 2022 के बीच नोएडा के केंद्रीय विद्यालय में दाखिला करा दिया।
कैसे हुआ खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब सीआरपीएफ अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि देवदास ने अपने बच्चों के दाखिले के लिए फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों का उपयोग किया था। स्कूल के प्रधानाचार्य को भी आरोपी ने यही फर्जी दस्तावेज सौंपे थे। अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें..
मोदी मॉल के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी को मोदी मॉल के पास से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान जीडी देवदास, निवासी ग्राम बरहवदरा, पोस्ट ऑफिस आरा, थाना कस्बा उपखंड आरा सदर, जिला भोजपुर, बिहार के रूप में हुई है। वर्तमान में वह सेक्टर 82, नोएडा में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

