Noida: सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर नोएडा डीएम के आधिकारिक हैंडल से की गई विवादित टिप्पणी के मामले में नोएडा पुलिस ने शनिवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अलीगढ़ जिले के अतरौली निवासी सोहन सिंह के रूप में हुई है, जो वर्तमान में दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र में रह रहा था। जानकारी के अनुसार, सोहन सिंह पिछले 6 वर्षों से नई दिल्ली स्थित उत्तर प्रदेश राज्य सूचना केंद्र में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।
सुप्रिया श्रीनेत की पोस्ट पर हुई विवादित टिप्पणी
इस पूरे मामले की शुरुआत कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत की पोस्ट से हुई थी, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो पर नोएडा डीएम के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक विवादित टिप्पणी की गई, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। जैसे ही यह टिप्पणी वायरल हुई, नोएडा के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अपने बयान में कहा कि डीएम के आधिकारिक ट्विटर हैंडल का दुरुपयोग किया गया है।
सोहन सिंह की गिरफ्तारी और स्वीकारोक्ति
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दो टीमें बनाई और कुछ ही घंटों में आरोपी सोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सोहन सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन महीनों से डीएम गौतमबुद्ध नगर के ट्विटर हैंडल का संचालन अपने निजी मोबाइल फोन से कर रहा था। उसने बताया कि सुप्रिया श्रीनेत का पोस्ट देखकर उसने व्यक्तिगत रूप से टिप्पणी करनी चाही थी, लेकिन गलती से यह टिप्पणी डीएम के हैंडल से चली गई। सोहन सिंह ने अपनी गलती को स्वीकारते हुए माफी मांगी और कहा कि वह प्रधानमंत्री का प्रशंसक है और उसे यह टिप्पणी अपने व्यक्तिगत ट्विटर हैंडल से करनी चाहिए थी।
कांग्रेस का प्रदर्शन
इस विवादित टिप्पणी के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और शनिवार को कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस किसान मोर्चा के जिला चेयरमैन गौतम अवाना के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने डीएम के अवकाश पर होने के बावजूद अपनी मांगों को एडीएम के समक्ष रखा। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि यदि डीएम का ट्विटर हैंडल हैक हो गया था, तो विवादित ट्वीट को तुरंत डिलीट क्यों नहीं किया गया। कांग्रेस ने इस मामले में प्रशासन से पारदर्शिता की मांग की है।
ये भी पढ़ें..
Meerut: मेरठ में तीन मंजिला मकान गिरा, 10 से अधिक लोग और पशु मलबे में दबे, राहत कार्य जारी
पुलिस की आगे की कार्रवाई
नोएडा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच तेज कर दी है। इस घटना से प्रशासनिक अधिकारियों के सोशल मीडिया हैंडल्स की सुरक्षा और संचालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

