Delhi News: बाहरी दिल्ली के बक्करवाला इलाके में भीषण आग लग गई है। राजीव रतन आवास के पास एक कपड़ा फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही 26 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के प्रयास जारी हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को पश्चिमी दिल्ली के बक्करवाला इलाके में एक कपड़ा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उन्होंने कहा, “हमें सुबह 6:55 बजे आग लगने की सूचना मिली। कम से कम 26 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।” उप अग्निशमन अधिकारी एम.के. चट्टोपाध्याय ने कहा, “यह एक जी+2 वाणिज्यिक गोदाम परिसर है, जिसमें कई गोदाम और दुकानें हैं। कोई हताहत नहीं हुआ है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि लोग कह रहे हैं कि यह शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होगी।”
बहुमंजिला अपार्टमेंट के फ्लैट में लगी भीषण आग
इससे पहले पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक बहुमंजिला अपार्टमेंट के फ्लैट में भी भीषण आग लग गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आग में घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी के अनुसार, आग की सूचना सुबह 8:10 बजे मिली और चार दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। डीएफएस अधिकारी ने कहा कि आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा।

