Noida News: दिल्ली से सटे नोएडा में पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। इस कॉल सेंटर के जरिए लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगा जा रहा था। घटना के संबंध में पुलिस ने शनिवार को बताया कि नोएडा के सेक्टर 63 में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश हुआ है।
6 महिलाएं समेत 9 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि इस फर्जी कॉल सेंटर से छह महिलाओं समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आरोपी लोगों को विदेश में नौकरी और वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर ठग रहे थे।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पीड़ितों को दुबई, कनाडा और सर्बिया भेजने का ऑफर दिया था। सेक्टर 63 के ई-ब्लॉक में छापेमारी कर पुलिस ने इस मामले में छह महिलाओं समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 24 लैपटॉप, तीन सीपीयू, एक एलईडी टीवी, एक कीबोर्ड और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। अवस्थी ने बताया कि आगे की जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
जुलाई में भी फर्जी कॉल सेंटर पर कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले जुलाई में भी एक और फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ हुआ था। उस कॉल सेंटर के जरिए जालसाज लोन और बीमा पॉलिसी के नाम पर लोगों को ठग रहे थे। अधिकारियों ने बताया था कि धोखाधड़ी के आरोप में नौ महिलाओं समेत ग्यारह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, नोएडा पुलिस ने खुलासा किया था कि गिरोह के पास 10,000 लोगों का डेटा है। यह गिरोह सेक्टर 51 की एक मार्केट की चौथी मंजिल से काम कर रहा था। क्राइम प्रिवेंशन टीम (CRT) और सेक्टर 49 पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने मिलकर इस घोटाले का पर्दाफाश करने के लिए ऑपरेशन चलाया था।

