Vinesh – Bajrang Join Congress: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 से पहले भारतीय पहलवान विनेश फोगट और बजरंग पुनिया कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। दोनों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और इस दौरान कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी मौजूद थे। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी की उम्मीदवार सूची में उनका नाम शामिल हो सकता है। मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात से पहले विनेश फोगट और बजरंग पुनिया ने शुक्रवार 6 सितंबर को ही रेलवे की नौकरी से इस्तीफा दे दिया था।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही विनेश फोगट और बजरंग पुनिया ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि फोगट और पुनिया कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विनेश फोगट और बजरंग पुनिया किस सीट से चुनाव लड़ेंगे?
काफी समय से चर्चा चल रही थी कि अगर विनेश फोगाट कांग्रेस में शामिल होती हैं तो पार्टी उन्हें उनके गृह जिले चरखी दादरी से टिकट दे सकती है। ऐसी भी अटकलें हैं कि फोगाट को जुलाना विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है, क्योंकि उनके ससुराल वाले यहीं से हैं। बता दें कि जुलाना सीट पर अभी दुष्यंत चौटाला की पार्टी जेजेपी के विधायक हैं। बजरंग पुनिया की बात करें तो चर्चा है कि कांग्रेस उन्हें बादली सीट से टिकट दे सकती है, जो पहले से ही कांग्रेस के पास है।
बता दें कि ऐसी भी चर्चा है कि अगर पुनिया को इस सीट से मैदान में उतारा जाता है तो सभी की निगाहें मौजूदा विधायक कुलदीप वत्स के अगले कदम पर होंगी। गौरतलब है कि विधायक वत्स ने हाल ही में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी और आगामी चुनावों में उनके टिकट को लेकर चिंता जताई थी। वहीं, ऐसी भी अटकलें हैं कि कांग्रेस बजरंग पुनिया को टिकट न देकर चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दे सकती है।

