Greater Noida News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शुक्रवार (आज) दोपहर ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगी। वह शारदा यूनिवर्सिटी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। यह कार्यक्रम प्रशासन की ओर से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राज्यपाल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जरूरी किट वितरित करेंगी। कार्यक्रम के मद्देनजर कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था में भी कुछ बदलाव किए जाएंगे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मेलन
ग्रेटर नोएडा में शारदा यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इस कार्यक्रम में शामिल होंगी, जहां वह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगी और उन्हें कई किट वितरित करेंगी। इन किटों में उनके काम के लिए जरूरी सामग्री होगी, जिसका उद्देश्य आंगनबाड़ी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
कुछ समय के लिए ये सड़कें बंद रहेंगी
राज्यपाल के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से कुछ मुख्य मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी से चूहड़पुर, आईएफएस विला, एक्सपो मार्ट गोल चक्कर और नासा गोल चक्कर से शारदा यूनिवर्सिटी की ओर जाने वाले मार्गों पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
यह भी पढ़ें: Noida News : सेक्टर-24 पुलिस ने स्कूल में छेड़छाड़ मामले में प्रिंसिपल, टीचर को किया गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
यहां लागू होंगे डायवर्जन
इसके अलावा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर परी चौक, जीरो प्वाइंट, हिंडन कट और सेक्टर-125 से महामाया फ्लाईओवर तक कई कट प्वाइंट और प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। दलित प्रेरणा स्थल, रजनीगंधा चौक और डीएनडी फ्लाईवे के आसपास भी कुछ समय के लिए ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
हेल्पलाइन नंबर जारी
डीसीपी ट्रैफिक यमुना प्रसाद ने बताया कि ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान आपातकालीन वाहनों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे वे बिना किसी बाधा के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। यात्री ट्रैफिक संबंधी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं।

