आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान ने दावा किया है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) उनके घर पर गिरफ्तारी के इरादे से पहुंची है। AAP नेता संजय सिंह ने इस आरोप की पुष्टि करते हुए कहा कि ED के अधिकारी अमानतुल्लाह खान के आवास पर पहुंचे हैं।
संजय सिंह ने जताया विरोध
आप नेता संजय सिंह ने कहा ओखला सीट से विधायक अमानतुल्लाह खान के घर पर ED के अधिकारी पहुंचे हैं और उनकी गिरफ्तारी की कोशिश कर रहे हैं। यह कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध का हिस्सा लग रही है। हम इसका विरोध करेंगे और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।
अमानतुल्लाह की सोशल मीडिया पोस्ट
अमानतुल्लाह खान ने रेड को लेकर कहा कि उनकी गिरफ्तारी की यह कोशिश उनके राजनीतिक कार्यों और पार्टी के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने कहा, मैं पूरी तरह से निर्दोष हूं और इस तरह की कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हूं। यह एक पूरी तरह से राजनीतिक साजिश है। घर में प्रवेश की कोशिश कर रहे ED अधिकारियों के साथ आप विधायक का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा हैं ।
रेड को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप
हालांकि ED की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि उनके घर पर अधिकारियों की उपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। AAP नेताओं का कहना है कि यह कदम दिल्ली की राजनीतिक स्थिति को प्रभावित करने की कोशिश है। इस घटनाक्रम ने दिल्ली की राजनीति में एक नया मोड़ ला दिया है और इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

