Noida Authority: उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण में तैनात तीन प्रबंधकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इन प्रबंधकों पर शासन के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप है, जिसके चलते उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने 30 जून 2023 को नोएडा, ग्रेटर नोएडा, और यमुना विकास प्राधिकरण में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए थे। लेकिन, ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण में तैनात ये प्रबंधक अपने मलाईदार पदों पर बने रहे और तबादला आदेशों का पालन नहीं किया।
विजय कुमार बाजपेई पर गिरी गाज
लोक निर्माण विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत विजय कुमार बाजपेई, जो कि तीन साल के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे, ने अपना तबादला आदेश नहीं माना। उन्हें गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में प्रबंधक के पद पर तैनात किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विभिन्न विभागों में कार्यरत रहे। इस कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
सुरेंद्र कुमार सिरिल पर भी हुआ एक्शन
इसी प्रकार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में सहायक प्रबंधक सुरेंद्र कुमार सिरिल का तबादला नोएडा प्राधिकरण में कर दिया गया था, लेकिन उन्होंने वहां ज्वाइन नहीं किया और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में ही कार्यरत रहे। इस कारण, उत्तर प्रदेश शासन ने उन्हें भी निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है।
अजब सिंह भाटी के खिलाफ आदेश जारी
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के प्रॉपर्टी विभाग में तैनात प्रबंधक अजब सिंह भाटी का तबादला 6 जून 2023 को यूपीसीडा (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण) में कर दिया गया था, लेकिन उन्होंने वहां ज्वाइन नहीं किया। इस कारण, उनके खिलाफ भी प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें..
Greater Noida: गुरु द्रोण मेले में दो युवकों का हुड़दंग, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
अन्य अधिकारियों पर भी गिरेगी गाज
इन निलंबनों के बाद, दोनों विकास प्राधिकरणों में तैनात अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की संभावना है, जो शासन के आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं। शासन का यह कदम साफ संकेत देता है कि सरकारी आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

