Ayodhya: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर अयोध्या की जमीनों को लेकर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने बीजेपी को ‘भू जमीन पार्टी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने अयोध्या की जमीन को अपने लोगों को सस्ते दामों में खरीदवाया और फिर सर्किल रेट बढ़ाकर मुनाफा कमाया। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने अपने लालच में अयोध्या को भी नहीं छोड़ा है, तो देश के अन्य हिस्सों का क्या हाल होगा?
सोशल मीडिया पर किया प्रहार
सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भाजपाइयों ने सस्ते में अपनों को खरीदवाया और जब बेचकर निकलने का समय आया तो भाजपा सरकार ने सर्किल रेट बढ़ाने का प्रबंध करवाया। अयोध्या की भूमि भाजपाई सौदेबाजी और मुनाफाखोरी की शिकार हुई है। अयोध्या की जनता तो पहले ही जान गई थी कि भाजपा का अयोध्या से भावात्मक-भावनात्मक लगाव नहीं बल्कि ‘भू-नात्मक’ और ‘मुनाफ़ात्मक’ लोभ है।”
बीजेपी को बताया ‘भू जमीन पार्टी’
अखिलेश यादव ने बीजेपी को ‘भू जमीन पार्टी’ बताते हुए कहा, “भाजपाई लालच ने जब अयोध्या को नहीं छोड़ा तो बाकी देश का क्या हाल कर रहे होंगे, यह कहने की बात नहीं है। भाजपा = भू जमीन पार्टी।”
उपचुनाव में सियासी घमासान
उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर होने वाले उपचुनाव में अयोध्या की मिल्कीपुर सीट भी शामिल है। ऐसे में यहां का सियासी तापमान बढ़ता जा रहा है। चुनाव को देखते हुए सपा और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में सपा की लाल टोपी का ज़िक्र करते हुए कहा था कि “लाल टोपी वाले काले कारनामों के लिए जाने जाते हैं।” इसके जवाब में अखिलेश यादव ने भाजपा को ‘भू जमीन पार्टी’ कहकर पलटवार किया है।
ये भी पढ़ें..
अयोध्या में बीजेपी बैकफुट पर
अयोध्या में बीजेपी की स्थिति कमजोर होती दिख रही है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में अयोध्या की फैजाबाद सीट पर बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था। इस सीट से सपा के अवधेश प्रसाद सांसद बने हैं। इस हार को बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। बीजेपी अब मिल्कीपुर में जीत हासिल कर इस हार का बदला लेना चाहती है। वहीं, सपा भी अपने गढ़ को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।

