Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के इकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र में स्थित एक घर पर आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर लगभग 7 लाख रुपये की ज्वेलरी और कैश लूट लिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनीत नामक व्यक्ति अपने बच्चों के साथ घर से बाहर गोलगप्पा खाने गया था। जब वह वापस लौटा तो देखा कि उसके घर की लाइट जल रही थी। शक होने पर विनीत ने बाहर रखे डंडे को लेकर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर जाकर उसने देखा कि हथियारबंद बदमाश घर में मौजूद थे और गेट भी टूटा हुआ था। विनीत ने जैसे ही बदमाशों को देखा, उन्होंने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन विनीत शोर मचाते हुए बाहर भाग गया। बदमाशों ने इस दौरान लगभग 7 लाख रुपये की ज्वेलरी और कैश लूट लिया और दूसरे रास्ते से फरार हो गए। सभी बदमाशों के पास तमंचा और चाकू था और वे सभी नकाबपोश थे।
ये भी पढ़ें..
ICC Chairman बनने के बाद Jay Shah ने तय की प्राथमिकता, जानें किस योजना पर करेंगे काम
इस घटना की जानकारी मिलते ही इकोटेक थर्ड थाने की पुलिस और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ज्वाइंट सीपी हरि मीणा ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए सात टीमों का गठन किया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।

