Noida: नोएडा की कोतवाली सेक्टर 58 पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान कार के शीशे तोड़कर लैपटॉप और मोबाइल चुराने वाले ठक-ठक गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी, जबकि दो अन्य को पुलिस ने कॉम्बिंग कर पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान आहद, वसीम, और जितेंद्र के रूप में हुई है। ये सभी ठक-ठक गिरोह के सदस्य हैं, जो कार के शीशे तोड़कर लैपटॉप और मोबाइल चुराने में माहिर हैं। एडीसीपी नोएडा मनीष कुमार मिश्र ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने एक बलेनो कार में सवार इन तीनों बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से एक कोटक महिंद्रा बैंक का क्रेडिट कार्ड भी बरामद हुआ, जो 23 अगस्त को इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो के पास चोरी किया गया था।
ये भी पढ़ें..
ICC Chairman बनने के बाद Jay Shah ने तय की प्राथमिकता, जानें किस योजना पर करेंगे काम
एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए लैपटॉप और मोबाइल फोन उन्होंने सेक्टर 62 स्थित छोटा डी पार्क के पास झाड़ियों में छिपा रखे थे। जब पुलिस ने वहां जाकर चोरी का सामान बरामद करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने बैग में छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में आरोपी आहद को पैर में गोली लगी, और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य दो आरोपी वसीम और जितेंद्र को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ा गया। उनके कब्जे से एक लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद किया गया। घायल आरोपी आहद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

