UP News: पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में हाल ही में हुई रेप की घटनाओं ने देशभर में सियासी हलचल मचा दी है। बीएसपी प्रमुख मायावती ने इन घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए सरकार से उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
मायावती ने कहा, “देश के विभिन्न हिस्सों में, चाहे वह बंगाल हो, महाराष्ट्र का बदलापुर हो, बिहार हो, या उत्तर प्रदेश के कन्नौज, आगरा और फर्रुखाबाद जिले, मासूम बच्चियों, नाबालिगों और महिलाओं के साथ हो रही रेप, हत्या और आत्महत्या की घटनाएं अति-दुःखद और चिंताजनक हैं।”
उन्होंने केंद्र और सभी राज्य सरकारों से अपील की है कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सख्त कदम उठाएं ताकि ऐसी घटनाएं जल्दी रुक सकें। मायावती ने कहा कि इस समय की मांग है कि राजनीति की आड़ में इन घटनाओं को न लिया जाए, बल्कि महिलाओं के हित में ठोस कदम उठाए जाएं।
हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों से रेप की घटनाओं की खबरें आई हैं। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में डॉक्टर के साथ हुई रेप और हत्या की घटना ने बड़े राजनीतिक विवाद को जन्म दिया है। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में भी ऐसी ही घटनाएं सामने आई हैं।
ये भी पढ़ें..
ICC Chairman बनने के बाद Jay Shah ने तय की प्राथमिकता, जानें किस योजना पर करेंगे काम
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में दो युवतियों के शव आम के पेड़ पर फंदे से लटके पाए जाने के बाद पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह मामला आत्महत्या से जुड़ा हुआ लगता है, लेकिन विपक्षी दलों ने इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। बीजेपी ने कोलकाता की घटना पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। इन घटनाओं के बीच सियासी बयानबाजी और विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।

