Ghaziabad News: गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में बीडीएस की छात्रा ने जहर खा लिया। छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा की मां का आरोप है कि पारिवारिक विवाद के चलते एक पुलिस अधिकारी ने उसकी बेटी को बार-बार फोन करके चौकी पर बुलाया। पुलिस के दबाव में छात्रा डिप्रेशन में आ गई और उसने यह कदम उठा लिया। परेशान मां रोती हुई मोदीनगर थाने पहुंची और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ससुराल वालों से चल रहा है विवाद
मोदीनगर में रहने वाली महिला का अपने ससुराल वालों से विवाद चल रहा है। हाल ही में ससुराल वालों ने मोदीनगर के गोविंदपुरी स्थित पिंक बूथ पर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को पुलिस चौकी पर बुलाया, जहां समझौता हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए।
छात्रा अस्पताल में भर्ती
समझौते के बावजूद, मां का दावा है कि एक पुलिस कांस्टेबल उसकी बेटी को बार-बार फोन करके परेशान करता रहा। समझौते के बाद भी छात्रा को चौकी पर वापस आने को कहा गया, जिससे वह डिप्रेशन में आ गई। पुलिस की प्रताड़ना से परेशान बेटी ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है।
एसीपी ने आरोपों को निराधार बताया
छात्रा कदराबाद स्थित एक निजी कॉलेज में बीडीएस की पढ़ाई कर रही है। मां ने पुलिस अधिकारी पर लगातार फोन करके परेशान करने का सीधा आरोप लगाया है। हालांकि, एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पारिवारिक विवाद में समझौते के लिए दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया गया था।

