UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में होने वाले दस सीटों के उपचुनाव को लेकर भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। मंच से सीएम योगी ने सभी से मिलकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम करने की जरूरत है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “राष्ट्र से बड़ा कुछ नहीं है। राष्ट्र तभी मजबूत होगा जब हम एकजुट होंगे। जब हम एक रहेंगे. बंटेंगे तो कटेंगे.. आप देख रहे हैं बांग्लादेश में..वो ग़लतियां यहां नहीं होनी चाहिए. बंटेंगे तो कटेंगे… एक रहेंगे तो नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे.. और समृद्धि की पराकाष्ठा पर पहुंचेंगे. हमें विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में काम करना चाहिए।”
सीएम योगी ने एकजुटता का आह्वान किया
सीएम योगी ने कहा कि हमें वर्तमान चुनौतियों को समझने की जरूरत है, खासकर सनातन धर्म के सामने जो चुनौतियां हैं, जो भारत के सामने भी हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों को एक दूसरे से अलग नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समाज फिर से विभाजित हुआ और चल रही साजिशें सफल हुईं तो बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार यहां भी दोहराए जा सकते हैं।
विपक्ष पर साघा निशाना
सीएम योगी ने विपक्षी दलों का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधते हुए कहा कि हम सभी को इस लक्ष्य की ओर काम करना होगा। हमें भेदभाव को रोकना होगा, सबको एकजुट करना होगा और उन विभाजनकारी ताकतों को बेनकाब करना होगा जो अपने फायदे के लिए समाज को बांटना चाहती हैं। हमें राष्ट्र को प्राथमिकता देनी होगी। सीएम योगी ने कहा कि यहां के लोगों में राष्ट्रीय नायकों के प्रति जो सम्मान है, वह हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है।