J&K Elections: जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इससे पहले बीजेपी ने 44 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, लेकिन कुछ ही देर बाद इसे वापस ले लिया गया। नई सूची में संशोधन कर बीजेपी ने 15 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है।
किसे कहां से मिला टिकट?
बीजेपी की पहली सूची में निम्नलिखित उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं:
क्रम | विधानसभा का नाम | उम्मीदवार का नाम |
---|---|---|
1 | पाम्पोर | सैयद शौकत गयूर अंद्राबी |
2 | राजपोरा | अर्शीद भट्ट |
3 | शोपियां | जावेद अहमद कादरी |
4 | अनंतनाग पश्चिम | मोहम्मद रफीक वानी |
5 | अनंतनाग | अधिवक्ता सैयद वजाहत |
6 | श्रीगुफवाड़ा बिजबेहरा | सोफी यूसुफ |
7 | शानगुस अनंतनाग पूर्व | वीर सराफ |
8 | इन्दरवल | तारिक कीन |
9 | किश्तवाड़ | शगुन परिहार |
10 | पाडेर-नागसेनी | सुनील शर्मा |
11 | भदरवाह | दलीप सिंह परिहार |
12 | डोडा | गजय सिंह राणा |
13 | डोडा पश्चिम | शक्ति राज परिहार |
14 | रामबाण | राकेश ठाकुर |
15 | बनिहाल | सलीम भट्ट |
तीन चरणों में होंगे चुनाव
जम्मू-कश्मीर में 90 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव तीन चरणों में होंगे। पहले चरण के लिए वोटिंग 18 सितंबर को 24 सीटों पर होगी। दूसरे चरण में 26 सीटों पर 25 सितंबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि तीसरे और अंतिम चरण की वोटिंग 1 अक्टूबर को 40 सीटों पर होगी। मतगणना 4 अक्टूबर को होगी।
इस बार चुनाव में दिलचस्प मुकाबला
इस बार जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। बीजेपी ने सभी 90 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन किया है, जबकि पीडीपी और आम आदमी पार्टी भी इस बार मैदान में उतर रही हैं।
ये भी पढ़ें..
Ghaziabad: मधुबन बापूधाम जंगल में युवक का कंकाल मिलने से सनसनी, मानसिक रूप से कमजोर था युवक
2014 में हुए थे पिछले चुनाव
जम्मू-कश्मीर में आखिरी विधानसभा चुनाव 2014 में हुए थे, जब यह राज्य केंद्र शासित प्रदेश नहीं था। उस चुनाव में पीडीपी ने 28 सीटें, बीजेपी ने 25 सीटें, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 15 सीटें, और कांग्रेस ने 12 सीटें जीती थीं। बाद में पीडीपी और बीजेपी ने मिलकर सरकार बनाई थी।