Ghaziabad: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित केएम रेजीडेंसी सोसायटी में एक महिला की 11वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। यह घटना रविवार को हुई, जब 32 वर्षीय आरती त्यागी अपने फ्लैट की बालकनी में स्टूल पर चढ़कर कुछ काम कर रही थीं। बताया जा रहा है कि संतुलन बिगड़ने के कारण वह नीचे गिर गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसा या आत्महत्या, पुलिस कर रही है जांच
आरती की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी यह कहना मुश्किल है कि यह हादसा था या आत्महत्या। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सभी संभावित एंगल पर विचार किया जा रहा है।
चश्मदीद के बयान से खुल सकते हैं राज
महिला के चचिया ससुर संजय त्यागी ने बताया कि आरती की शादी 2020 में मेरठ निवासी मयंक त्यागी से हुई थी। संजय ने जानकारी दी कि सोसायटी की एक महिला ने आरती को बालकनी में स्टूल पर चढ़कर एसी की आउटडोर यूनिट के पास कुछ काम करते हुए देखा था। हालांकि, किसी ने उन्हें गिरते हुए नहीं देखा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं आरती ने जानबूझकर तो यह कदम नहीं उठाया।
ये भी पढ़ें..
आरती की अचानक मौत से केएम रेजीडेंसी में मातम छा गया है। पड़ोसी और सोसायटी के लोग स्तब्ध हैं और पुलिस की जांच के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं। घटना ने लोगों के बीच दहशत फैला दी है, और अब सभी इस हादसे की सच्चाई जानना चाहते हैं।

