दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में 4 साल की बच्ची के अपहरण और यौन उत्पीड़न का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना 21 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे हुई। आरोपी ने बच्ची को टॉफी और चॉकलेट का लालच देकर बहला-फुसलाकर वारदात को अंजाम दिया। बाद में, वह शाम को बच्ची को उसके घर के पास छोड़कर चला गया।
मामले में आरोपी गिरफ़्तार
बच्ची से घटना के बारे में पता चलने पर, उसके परिवार ने तुरंत पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को सूचना दी। दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पाया कि आरोपी दूसरे समुदाय का है।घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी के अस्थायी घर के बाहर कुछ सामान और तिरपाल में आग लगा दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई और किसी तरह से शांति बहाल की। फिलहाल इलाके में शांति है।
पोक्सो और यौन उत्पीड़न कानून के तहत मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि लड़की के बयान दर्ज किए जाएंगे और उसकी गवाही के बाद मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस ने पोक्सो और यौन उत्पीड़न कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को सुबह करीब 4 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।

