Ghaziabad: गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र की एक कॉलोनी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी हत्या कर दी और फिर उसके परिजनों को झूठी सूचना देकर गुमराह कर दिया। मृतका के परिजनों ने बिना सच का पता लगाए अपनी बेटी का अंतिम संस्कार भी कर दिया। लेकिन दो दिन बाद मृतका के बेटे ने इस खौफनाक घटना का खुलासा कर दिया।
मृतका के बड़े भाई इमरान ने मसूरी थाने में पति समेत एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और कोर्ट की अनुमति मिलने पर मृतका के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत का सही कारण स्पष्ट हो सके।
क्या है पूरा मामला?
मोहल्ला सद्दीकपुरा कृष्णगंज, पिलखुआ हापुड़ निवासी इमरान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन रूखसार (27) की शादी 2016 में हापुड़ के ग्राम सलाई निवासी शाहनवाज से हुई थी। शादी के बाद इनके दो बच्चे हुए, एक बेटी अलीशा (7) और बेटा उजैर (5)। रूखसार अपने पति शाहनवाज के साथ मसूरी के मदरसा रोड स्थित जाहिद उर्फ प्रधान के मकान में किराये पर रहती थी। शाहनवाज एक जीन्स फैक्ट्री में काम करता था।
इमरान का आरोप है कि शाहनवाज को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिस कारण उनके घर में अक्सर विवाद होते थे। शाहनवाज अपनी पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। इन झगड़ों से तंग आकर रूखसार अपने मायके चली गई थी, लेकिन रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद वह फिर से अपने पति के साथ रहने चली गई।
घटना की रात क्या-क्या हुआ?
19/20 अगस्त की रात को, शाहनवाज ने अपनी पत्नी रूखसार की हत्या कर दी। उसने रूखसार की मां को फोन करके बताया कि उसकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है। जब रूखसार के परिजन मसूरी पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि शाहनवाज और दोनों बच्चे रो रहे थे। वे रूखसार को अपने घर ले आए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
ये भी पढ़ें..
लेकिन बाद में, रूखसार के बेटे उजैर ने अपने मामा इमरान को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के साथ मारपीट की और तकिया से मुंह दबाकर उसे मार डाला। इस खुलासे के बाद इमरान ने पुलिस को सूचना दी और हत्या का मामला दर्ज कराया।
पुलिस की कार्रवाई
एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि मृतका के भाई इमरान की तहरीर पर आरोपी शाहनवाज और उसके रिश्तेदार गुलफाम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। अब कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिससे मौत का सही कारण पता चल सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

