Noida: नोएडा में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पांच साल तक चलेगी, लेकिन प्रधानमंत्री को बदलना पड़ेगा। उन्होंने यह बयान नोएडा मीडिया क्लब द्वारा आयोजित एक फोटो प्रदर्शनी के समापन अवसर पर दिया।
कोलकाता कांड पर निशाना
राकेश टिकैत ने कोलकाता में हुई दर्दनाक घटना पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और मीडिया जानबूझकर विपक्षी दलों की सरकारों को टारगेट कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन जिस तरह से इस मामले को उछाला जा रहा है, उससे साफ़ है कि पश्चिम बंगाल में विपक्षी सरकार को निशाना बनाया जा रहा है।
आरक्षण पर टिकैत का विचार
फोटो प्रदर्शनी के दौरान मीडिया से बातचीत में टिकैत ने आरक्षण पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि आरक्षण की मांग करने का हक सभी को है। लोकतंत्र में आंदोलन करने का अधिकार है, लेकिन भारतीय किसान यूनियन जातिवाद की राजनीति के खिलाफ है। टिकैत ने कहा कि वे जातिवादी राजनीति के पक्षधर नहीं हैं और इसे देश के लिए हानिकारक मानते हैं।
ये भी पढ़ें..
ग्रेटर नोएडा में बिल्डर साइट पर मिला युवक का शव, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
देश में तानाशाही का आरोप
राकेश टिकैत ने देश में बढ़ती तानाशाही पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्षी दलों के नेताओं को जबरन भाजपा में शामिल कर रही है। जनता के बीच सरकार के खिलाफ गुस्सा बढ़ रहा है, लेकिन लोग इसे खुलकर व्यक्त नहीं कर पा रहे हैं। टिकैत ने चेतावनी दी कि अगर स्थिति ऐसी ही बनी रही तो देश में बांग्लादेश जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब केवल उन्हीं लोगों को नौकरी मिल रही है जो संघ की शाखाओं में जा रहे हैं, जिससे युवाओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

