Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र में 5 दिन पहले मथुरा निवासी एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, जिसकी रिपोर्ट अब सामने आ चुकी है। पीएम रिपोर्ट में अधिक रक्तस्राव को युवक की मौत का कारण बताया गया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने इस घटना के लिए उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है और उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
बिल्डर साइट पर मिला था शव
मथुरा जिले के राया निवासी महेश के अनुसार, उनका 24 वर्षीय बेटा चंदन दनकौर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर 25 में स्थित एक बिल्डर साइट पर मजदूरी करता था। 4 अगस्त को चंदन अपने गांव के तीन अन्य लोगों के साथ काम करने के लिए घर से निकला था। 15 अगस्त की शाम को महेश ने अपने बेटे से फोन पर बात की थी, जिसमें चंदन ने बताया था कि वह सुरक्षित है। लेकिन 16 अगस्त की सुबह उन्हें दनकौर पुलिस से सूचना मिली कि उनके बेटे की मौत हो गई है और उसका शव बिल्डर साइट पर मिला है।
दोस्तों पर हत्या का आरोप
मंगलवार शाम को मृतक के परिजनों ने थाना दनकौर पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के तीन युवक, जो चंदन के साथ काम करने आए थे, उन्हीं ने इस वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों का मानना है कि उन दोस्तों ने ही उनके बेटे की हत्या की है।
ये भी पढ़ें..
Noida News: पुलिस को मिली बड़ी सफलता, सोना चोर तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस का बयान
इस मामले में पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, चंदन की मौत अधिक रक्तस्राव के कारण हुई है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ऊंचाई से गिरने के कारण युवक को गंभीर चोटें आई थीं, जिससे अधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि हत्या की बात फिलहाल गलत लग रही है, लेकिन परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच जारी है और दोस्तों से पूछताछ की जाएगी।

