Ghaziabad: रक्षाबंधन के पावन मौके पर गाजियाबाद के नगर कोतवाली क्षेत्र के सराय नजर अली इलाके में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। सहदेव नामक व्यक्ति की बेटी तुलसी, जो गोविंदपुरम में ब्याही गई है, अपने पति निशांत के साथ राखी बांधने के लिए मायके आई थी। हालांकि, इस खुशी के अवसर पर एक मामूली बात ने हिंसा का रूप ले लिया।
गली में कार खड़ी करने को लेकर पड़ोसियों ने जताई नाराजगी
मामला तब बिगड़ा जब तुलसी के पति निशांत ने अपनी कार गली में खड़ी की। पड़ोसियों विशाल, विक्की, प्रकाश और विनय ने कार खड़ी करने का विरोध किया, जिससे कहासुनी शुरू हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि तुलसी के पिता सहदेव और उनके भाई को बीच-बचाव के लिए बाहर आना पड़ा। पड़ोसियों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने लाठी-डंडों से सहदेव और उनके बेटे पर हमला कर दिया।
शर्मसार करने वाली घटना का वीडियो वायरल
हमले की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में लाल रंग की स्लीवलेस टी-शर्ट पहने एक युवक अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बुजुर्ग सहदेव और उनके बेटे पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान तुलसी अपने पिता और भाई को बचाने की कोशिश करती दिखी, लेकिन हमलावरों ने किसी की बात नहीं मानी।
ये भी पढ़ें..
तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
सहदेव की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी हमलावरों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने देर रात ही पांचों हमलावरों को हिरासत में ले लिया था।

