Delhi News: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार और हत्या के मामले में मचे बवाल के बीच दिल्ली एम्स के एक न्यूरोसर्जन ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टर ने दवा के ओवरडोज से अपनी जान ले ली। डॉक्टर का कथित तौर पर पत्नी से विवाद चल रहा था। उनकी पत्नी रक्षाबंधन के लिए अपने मायके गई हुई थीं, इसी दौरान 34 वर्षीय न्यूरोसर्जन ने गौतम नगर स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली एम्स में कार्यरत न्यूरोसर्जन डॉ. राज घोनिया ने गौतम नगर स्थित अपने घर में दवा का ओवरडोज लेकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। दिल्ली पुलिस के अनुसार, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस सूत्रों ने संकेत दिया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की संभावना जताई जा रही है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें घटना के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।
15 दिन पहले ट्रेनिंग करके लौटे थे अमेरिका से
डॉ. राज घोनिया की पत्नी सर गंगाराम अस्पताल में माइक्रोबायोलॉजी विभाग में एसआर (सीनियर रेजिडेंट) हैं। वे 16 जुलाई को गुजरात के राजपुर गई थीं। बताया जाता है कि उन्होंने अपने पति को फोन किया था, लेकिन जब उन्होंने फोन नहीं उठाया तो उन्होंने दूसरी मंजिल पर रहने वाली डॉ. आकांक्षा से बात की। डॉ. आकांक्षा को पत्नी ने बताया कि उनके पति फोन नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद यह मामला प्रकाश में आया। डॉ. राज 15 दिन पहले ही अमेरिका से ट्रेनिंग करके लौटे थे।
बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने दरवाजे पर सुसाइड नोट चिपकाया है, जिसमें उसने किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। मामले की जांच की जा रही है। अधिकारी घटना से जुड़ी जानकारियों की पुष्टि करने में जुटे हैं। पुलिस सूत्रों से पता चला है कि डॉक्टर का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था, जो रक्षाबंधन पर मायके गई हुई थी। उसके जाने के बाद डॉक्टर ने कथित तौर पर नशीली दवाओं का ओवरडोज लेकर आत्महत्या कर ली। पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है।

