Jharkhand Politics: झारखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। जेएमएम के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन आज (18 अगस्त) कोलकाता से दिल्ली पहुंचे। माना जा रहा है कि उनकी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ बातचीत चल रही है। जेएमएम के अन्य विधायकों—समीर मोहंती, लोबिन हेम्ब्रम और राम दास सोरेन—के भी चंपई सोरेन के साथ बीजेपी में शामिल होने की अटकलें हैं।
शनिवार को रांची में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चंपई सोरेन ने बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा था। उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि वह जहां थे वहीं पर हैं और बाद में सब कुछ स्पष्ट करेंगे। लेकिन आज सुबह वह दिल्ली पहुंच गए, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
जब चंपई सोरेन से बीजेपी में शामिल होने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “हम जहां हैं वहीं पर हैं। बाद में सबको बताएंगे। क्या खबर फैल रही है हमको नहीं पता है। किस जगह जा रहे हैं या नहीं जा रहे हैं, हमको नहीं पता।”
चंपई सोरेन की लोबिन हेम्ब्रम से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “लोबिन से वही बात हुई जो सामान्य तौर पर होती है। बीजेपी को लेकर कोई बात नहीं हुई है।”
सीएम पद से हटाए जाने से नाराज हैं चंपई सोरेन?
गौरतलब है कि 31 जनवरी को जब हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था, तो उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और सत्ता की बागडोर चंपई सोरेन को सौंपी गई थी। हालांकि, जून में जब हेमंत सोरेन जमानत पर बाहर आए तो उन्होंने फिर से मुख्यमंत्री पद संभाल लिया। ऐसी चर्चा है कि चंपई सोरेन इस फैसले से खुश नहीं हैं और तभी से उनके जेएमएम का साथ छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
ये भी पढ़ें..
Noida News : यूपी रोडवेज की बस ने स्कूटी सवार चार लोगों को रौंदा, हादसे के बाद ड्राइवर फरार
बीजेपी की प्रतिक्रिया
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने जेएमएम नेताओं के बीजेपी के संपर्क में होने की अटकलों पर कहा था कि बीजेपी से किसी नेता ने संपर्क नहीं किया है। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन एक वरिष्ठ राजनेता हैं और उनके बारे में कोई बयान नहीं देना चाहते।

