नोएडा के फेज-2 थाने की पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी जमीन माफिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सर्फाबाद निवासी पप्पू यादव के रूप में हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है।
फर्जी दस्तावेज बनाकर सरकारी जमीन पर कब्जा
डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पप्पू यादव सरकारी जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर उस पर अवैध कब्जा कर लेता था। उसने किसानों की भूमी भी हड़प ली थी। उसके खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। गाजियाबाद के छिजारसी टोल के पास इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर पप्पू यादव को पकड़ा गया।
अवैध कब्जा कर जमीन की बिक्री
बताया जा रहा है कि उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए कई एकड़ जमीन पर अवैध कब्जा कर लोगों को झांसा देकर बेच दिया है। इतना ही नहीं, अगर कोई अपनी जमीन वापस लेने की कोशिश करता तो वह उसे मारपीट कर भगा देता था।
समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं से है संबंध
डीसीपी ने यह भी बताया कि वह सेक्टर-113 थाने का हिस्ट्रीशीटर है। बताया जा रहा है कि पप्पू यादव के समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं से अच्छे संबंध हैं। अखिलेश यादव के साथ उसकी एक तस्वीर भी सामने आई है। हालांकि, समाजवादी पार्टी ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

