Ghaziabad: रक्षाबंधन के इस विशेष मौके पर गाजियाबाद और मेरठ की बहनों के लिए खुशखबरी है। अब वे बिना किसी परेशानी के नमो भारत ट्रेन में सफर कर सकेंगी। एनसीआरटीसी (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम) के अनुसार, इस रविवार से नमो भारत ट्रेन का परिचालन मेरठ साऊथ स्टेशन तक शुरू हो जाएगा। पीआरओ राजीव कुमार ने बताया कि रविवार को दोपहर दो बजे मेरठ साऊथ RRTS स्टेशन को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। अब तक यह ट्रेन साहिबाबाद से मोदीनगर साऊथ तक चल रही थी, लेकिन अब यह मेरठ तक सफर को और आसान बना देगी।
रविवार दोपहर खुलेगा मेरठ साऊथ स्टेशन
एनसीआरटीसी की ओर से बताया गया कि रविवार को मेरठ साऊथ स्टेशन के रूट का संचालन बिना किसी औपचारिक शुभारंभ कार्यक्रम के किया जाएगा। यह फैसला बहनों को रक्षाबंधन के पहले एक तोहफा देने के उद्देश्य से लिया गया है। मोदीनगर साऊथ से मेरठ साऊथ के बीच की दूरी आठ किलोमीटर है, जो अब साहिबाबाद से लेकर कुल 42 किलोमीटर की यात्रा को पूरा करेगी।
साहिबाबाद से मेरठ तक होंगे कुल नौ स्टेशन
मेरठ साऊथ स्टेशन के शुरू होने के बाद साहिबाबाद से मेरठ तक कुल नौ स्टेशन ऑपरेशनल हो जाएंगे। नमो भारत ट्रेन का संचालन साहिबाबाद से दुहाई के बीच अक्टूबर 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था। पहले चरण में यह कॉरिडोर 17 किलोमीटर लंबा था, जिसे बाद में मोदीनगर तक बढ़ाया गया। इस बार बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के ट्रेन का विस्तार किया गया है।
स्टैंडर्ड क्लास में 110 रुपये और प्रीमियम क्लास में 220 रुपये का टिकट
एनसीआरटीसी ने जानकारी दी है कि साहिबाबाद से मेरठ साऊथ तक की यात्रा के लिए स्टैंडर्ड क्लास का किराया 110 रुपये और प्रीमियम क्लास का किराया 220 रुपये होगा। सबसे कम किराया स्टैंडर्ड क्लास में 20 रुपये और प्रीमियम क्लास में 40 रुपये निर्धारित किया गया है।
अब तक 22 लाख से अधिक यात्री कर चुके हैं यात्रा
नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद से अब तक 22 लाख से अधिक यात्री इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं। आरआरटीएस के सभी स्टेशन घनी आबादी वाले क्षेत्रों के पास बनाए गए हैं, साथ ही शिक्षण संस्थानों और बाजारों का भी ध्यान रखा गया है। एनसीआरटीसी ने निजी कंपनियों के लिए सेमी नेमिंग अधिकार देने के लिए निविदाएं भी जारी की हैं।
आईआरसीटीसी से भी बुक कर सकते हैं टिकट
नमो भारत ट्रेन में सफर करने के लिए अब आईआरसीटीसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी टिकट बुक कराया जा सकता है। इसके लिए पांच रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। टिकट कैंसल करने पर पूरा पैसा रिफंड कर दिया जाएगा, लेकिन आईआरसीटीसी का सुविधा शुल्क यात्री को वहन करना होगा।
ये भी पढ़ें..
भूमिगत स्टेशनों पर ईसीएस होगा स्थापित
एनसीआरटीसी ने आरआरटीएस कॉरिडोर के भूमिगत स्टेशनों पर यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए एनवायरनमेंट कंट्रोल सिस्टम (ईसीएस) स्थापित करने की योजना बनाई है। यह सिस्टम ताज़ी हवा, कूलिंग और वेंटिलेशन आवश्यकताओं को विनियमित करके अनुकूलित तापमान सुनिश्चित करेगा। इसे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के चार भूमिगत स्टेशनों पर स्थापित किया जा रहा है।

