दिल्ली में 40 वर्षीय एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना उत्तर पश्चिमी दिल्ली के प्रेम नगर इलाके की है, जहां घर के पास बारिश का पानी निकालने के दौरान व्यक्ति को करंट लग गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को पुलिस को किराड़ी के लल्लन मिश्रा की करंट लगने से मौत की सूचना मिली।
करंट लगने से हुई मौत
एक अधिकारी ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने मिश्रा को बेहोश पाया और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि मिश्रा को स्विचबोर्ड से पानी का पंप जोड़ने की कोशिश करते समय करंट लगा। मिश्रा की पत्नी ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के बाद उनके घर के आसपास पानी जमा हो गया था। उनके पति स्थानीय विधायक के कार्यालय से पानी निकालने के लिए पंप लेकर आए थे। गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने देखा कि उनके पति पानी में पड़े हैं और उनके शरीर पर बिजली के तार लिपटे हुए हैं।
भाजपा ने विधायक पर लगाया लापरवाही का आरोप
भाजपा ने आरोप लगाया है कि किराड़ी विधायक ऋतुराज गोविंद की लापरवाही के कारण मिश्रा की मौत हुई है। हालांकि, इस आरोप पर विधायक गोविंद की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पोस्टमार्टम के बाद मिश्रा का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

