Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र के कस्बा दादरी में शुक्रवार को एक 20 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। मृतका, अनुष्का उर्फ चांदनी, पिछले एक वर्ष से बौबी नामक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, अनुष्का ने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घर में अकेली थी अनुष्का
घटना के वक्त अनुष्का घर में अकेली थी। पुलिस ने बताया कि अनुष्का पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की रहने वाली थी और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित डेल्टा-2 में रह रही थी। वह अपने प्रेमी बौबी के घर पर रह रही थी। जब यह घटना हुई, उस समय घर पर और कोई मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही थाना दादरी की पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि सबूतों की गहन जांच की जा सके।
ये भी पढ़ें..
Greater Noida : सेल्समैन से 2.5 लाख की लूट में शामिल आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, दो अन्य गिरफ्तार
परिजनों से नहीं मिली कोई शिकायत
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि अनुष्का की तबीयत खराब रहती थी और उसका इलाज चल रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है। अगर अनुष्का के परिजन किसी के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज कराते हैं, तो पुलिस उस पर उचित कार्रवाई करेगी और मामले की जांच आगे बढ़ाएगी।

