PM Modi: बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के नए मुखिया प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की और बांग्लादेश में हो रहे हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच वहां के हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का आश्वासन दिया। इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के जरिए साझा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस से फोन पर बातचीत हुई। मौजूदा स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत की ओर से एक लोकतांत्रिक, स्थिर, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील बांग्लादेश के समर्थन को दोहराया। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा, संरक्षण और संरक्षा का आश्वासन दिया।”
स्वतंत्रता दिवस पर भी जताई थी पीएम मोदी ने चिंता
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिए गए अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्लादेश की स्थिति पर चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि हिंसा प्रभावित बांग्लादेश में स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी। मोदी ने कहा, “140 करोड़ भारतीय पड़ोसी देश में हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।”
वहीं, मोहम्मद यूनुस ने ढाका के प्रसिद्ध ढाकेश्वरी मंदिर का दौरा कर बांग्लादेश के हिंदुओं से मुलाकात की थी। उन्होंने बांग्लादेश के पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद हुए हिंसक घटनाओं के दौरान अल्पसंख्यकों पर हमले करने वालों को सजा देने का भी वादा किया था।
ये भी पढ़ें..
8 अगस्त को संभाली कमान
गौरतलब है कि बांग्लादेश में स्थिति बिगड़ने के बाद मोहम्मद यूनुस ने 8 अगस्त को अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ग्रहण की थी। शेख हसीना के अचानक इस्तीफा देने और भारत आने के बाद यूनुस ने देश की बागडोर संभाली। बांग्लादेश में नौकरियों में विवादास्पद कोटा प्रणाली को लेकर हुए घातक विरोध प्रदर्शनों के बाद देश में व्यापक अशांति फैल गई थी, जिसके चलते शेख हसीना को पद छोड़ना पड़ा था।

