Delhi Weather Update: दिल्ली में हाल ही में हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। गुरुवार रात को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे शुक्रवार को उमस में थोड़ी कमी आई। इन दिनों लोगों को एयर कंडीशनर और कूलर की जरूरत कम महसूस हो रही है, लेकिन सवाल यह है कि क्या आने वाले दिनों में भी यह सुहाना मौसम जारी रहेगा और रक्षाबंधन पर मौसम कैसा रहेगा। इसका जवाब मौसम विभाग ने दिया है। उन्होंने अगले 7 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान लगाते हुए इस हफ्ते तीन दिन दिल्ली में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और यलो अलर्ट जारी किया गया है। बाकी चार दिन दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग द्वारा 16 अगस्त से 22 अगस्त तक के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार, इस सप्ताह दिल्ली में सातों दिन बारिश होने की संभावना है, जबकि तीन दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। हाल ही में हुई भारी बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों में पानी भर गया था, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अगर इस सप्ताह फिर से भारी बारिश हुई तो ऐसी ही स्थिति पैदा हो सकती है।
प्रत्येक दिन के लिए बारिश का पूर्वानुमान:
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 16 अगस्त को दिल्ली में हल्की बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान की भी संभावना है। न्यूनतम तापमान 25.03 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। 17 अगस्त को भी दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश और आंधी-तूफान दर्ज किए जा सकते हैं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि, इन दो दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
18, 19 और 20 अगस्त के लिए येलो अलर्ट:
मौसम विभाग ने इस सप्ताह तीन दिन, रविवार से सोमवार तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना है। इस मौसम के कारण 19 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है, क्योंकि उस दिन भारी बारिश का अनुमान है। 18 और 20 अगस्त को भी ऐसे ही हालात रहने की उम्मीद है। हालांकि, दिल्ली से सटे इलाकों जैसे नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में कुछ राहत मिलने की संभावना है। इन तीन दिनों के लिए इन इलाकों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन हल्की बारिश की उम्मीद है।

