गाजियाबाद के मोहन नगर स्थित वर्ल्ड स्क्वायर मॉल में महिला को ‘बैड टच ‘ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय ललित कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद के नंदग्राम में रह रहा है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस दिन वह शराब के नशे में था और नशे की वजह से यह घटना हुई।
CCTV वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई
शुरू में पुलिस ने महिला और पुरुष के परिचित होने का दावा कर मामले को दबाने की कोशिश की। उन्होंने मॉल प्रबंधन से भी बयान लिखवाया कि कोई उत्पीड़न नहीं हुआ। 11 अगस्त को घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। लोगों के आक्रोश के बाद पुलिस ने मामले पर कार्रवाई शुरू की।आखिरकार 13 अगस्त को साहिबाबाद थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया और अपराधी की पहचान के प्रयास शुरू किए गए। इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल सर्विलांस के बाद साहिबाबाद पुलिस ने गुरुवार को नागद्वार हिंडन ब्रिज के पास ललित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है और जेल भेजा जाएगा।
दूसरी बार आरोपी ने किया है ” बैड टच” हरकत
ललित कुमार बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद इलाके का रहने वाला है।यह घटना 11 अगस्त को मोहन नगर के वर्ल्ड स्क्वायर मॉल में हुई। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, मॉल की गैलरी में एक पुरुष, चार महिलाएं और एक बच्चा टहल रहे थे। एक मौके पर, नीली टी-शर्ट पहने एक व्यक्ति पीछे चल रही युवती को गलत तरीके से छूता हुआ दिखाई दिया और फिर आगे बढ़ गया। युवती के परिवार वाले चौंक गए और पीछे मुड़कर देखने लगे।मॉल के एक अधिकारी ने खुलासा किया कि उसी व्यक्ति ने उस दिन लिफ्ट में एक अन्य युवती से भी छेड़छाड़ की थी। हालांकि, हंगामा हुआ, लेकिन मामला शांत हो गया और आरोपी ने बैड टच की दूसरी घटना को अंजाम दिया।

