Delhi News: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीएमआरसी ने 15 अगस्त को सुबह 4 बजे मेट्रो सेवाएं शुरू करने का फैसला किया है। सुबह 4 बजे से सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेनें उपलब्ध होंगी, हालांकि वे 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी और सुबह 6 बजे से सामान्य आवृत्ति के साथ चलेंगी। डीएमआरसी के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गुरुवार सुबह 6 बजे तक सभी लाइनों पर 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके बाद, दिन के नियमित शेड्यूल का पालन किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कई लोगों को रक्षा मंत्रालय की ओर से निमंत्रण मिलता है। इसे देखते हुए डीएमआरसी ने उनके लिए खास इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्रालय की ओर से जाी निमंत्रण कार्ड रखने वालों को वैध फोटो पहचान पत्र दिखाने पर मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
निमंत्रण कार्ड के साथ मुफ्त यात्रा
इन निमंत्रण कार्ड के साथ, कोई भी व्यक्ति लाल किला, जामा मस्जिद और चांदनी चौक मेट्रो स्टेशनों से बाहर निकल सकता है, जो कार्यक्रम स्थल के सबसे करीब हैं। हालांकि, डीएमआरसी के मुख्य कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने कहा है कि ये निमंत्रण कार्ड केवल इन तीन स्टेशनों से वापसी यात्रा के लिए ही मान्य होंगे। अनुज दयाल ने यह भी बताया कि यात्रियों को इन व्यवस्थाओं के बारे में सूचित करने के लिए ट्रेनों के अंदर नियमित रूप से घोषणाएं की जाएंगी। रक्षा मंत्रालय इस यात्रा का खर्च वहन करेगा और डीएमआरसी को उसी हिसाब से प्रतिपूर्ति की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Delhi News: बारिश के कारण लगातार बढ़ रहा यमुना जलस्तर, बढ़ा बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट
मेट्रो स्टेशनों के पास पतंग उड़ाने की मनाही
इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो ने लोगों से अपील करते हुए कहा है, “स्वतंत्रता दिवस के दौरान पतंग उड़ाने के रोमांच का आनंद लें, लेकिन मेट्रो लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। मेट्रो के पास पतंग उड़ाना खतरनाक है। धातु की डोरियों का उपयोग करने से बचें और बिजली के तारों में फंसी पतंग या डोरियों को निकालने की कोशिश न करें।”

