नेशनल हाईवे-9 पर जाम से निजात पाने का रास्ता साफ हो गया है। दिल्ली नगर निगम (MCD) को अतिरिक्त टोल बूथ बनाने के लिए DDA (दिल्ली विकास प्राधिकरण) ने गाजीपुर के पास करीब 7,000 वर्ग मीटर जमीन आवंटित की है। जमीन से जुड़ी कागजी कार्रवाई पूरी होते ही MCD टोल बूथ बनाने का काम शुरू कर देगी।
MCD करेगा नए टोल बूथों का निर्माण
फिलहाल, MCD ने गाजीपुर फ्लाईओवर पर एक टोल बूथ बनाया हुआ है, जहां फ्लाईओवर के नीचे और उस पार दोनों तरफ से आने वाले कमर्शियल वाहनों से टोल वसूला जाता है। इस स्थान पर सिर्फ दो टोल बूथ ही चालू हैं, जिससे अलग-अलग कारणों से टोल बूथ पर वाहनों के फंसने पर जाम लग जाता है। इससे हाईवे पर लंबा जाम लग जाता है। जाम से निजात पाने के लिए विभिन्न एजेंसियां अलग-अलग विकल्प तलाश रही हैं।
डीडीए ने की 7,000 वर्ग मीटर जमीन आवंटित
MCD ने गाजीपुर में टोल बूथों की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई थी, लेकिन जमीन की उपलब्धता को लेकर दिक्कतें आ रही थीं। एमसीडी और डीडीए के बीच कई दौर की बैठकों और कागजी कार्रवाई के बाद डीडीए ने एमसीडी को करीब 7,000 वर्ग मीटर जमीन आवंटित की है। एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों ने डीडीए से जमीन मिलने की पुष्टि की और कहा कि फ्लाईओवर बनने के बाद वे गाजीपुर डेयरी फार्म की ओर हाईवे की चौड़ाई बढ़ाएंगे और अतिरिक्त टोल बूथ लगाएंगे। अधिकारियों ने यह भी बताया कि जमीन आवंटित हो गई है, लेकिन भूमि उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया अभी भी लंबित है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही नए टोल बूथों का निर्माण शुरू होगा।

