Noida News: सावन के चौथे सोमवार को सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने जल, दूध, दही, घी और शहद से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा के सभी मंदिरों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। भक्त कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर और वोडा महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक किया गया। सुबह की आरती के बाद भगवान का जलाभिषेक शुरू हुआ। भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिरों के बाहर प्रसाद, बेलपत्र और पूजन सामग्री के अस्थायी स्टॉल लगाए गए थे।
भक्तों की उमड़ी भीड़
वोडा महादेव मंदिर के महंत ने बताया कि हर सोमवार को हरिद्वार, प्रयागराज और मथुरा से आए विद्वानों द्वारा शुभ मुहूर्त ें रुद्राभिषेक किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त भाग लेते हैं। इस बीच, सनातन धर्म मंदिर में सावन के प्रत्येक सोमवार को रुद्राभिषेक के लिए पहले से ही बुकिंग हो चुकी है। मंदिर के पुजारी हरेंद्रनाथ दुबे ने बताया कि रुद्राभिषेक में सौ से अधिक श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिसकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अलावा सेक्टर-2 स्थित लाल मंदिर, सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर, सेक्टर-12 स्थित कलरिया बाबा मंदिर, सर्फाबाद प्राचीन शिव मंदिर और सेक्टर-49 स्थित पार्वती मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, जहां श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। मंदिरों के बाहर पुलिस बल भी तैनात रहा।
ग्रेटर नोएडा के मंदिरों में रही भीड़
इसी तरह दादरी, दनकौर, कासना, बिलासपुर, जारचा, जेवर और रबूपुरा आदि क्षेत्रों के शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, दही, घी और शहद से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान सभी मंदिरों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

