नोएडा पुलिस ने लोगों की फोटो एडिट कर आपत्तिजनक मैसेज प्रसारित करने की धमकी देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सिद्धार्थ ओझा पुत्र गणेश गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित था और उस पर 5 हजार रुपये का इनाम था। वह चीनी लोन एप से डेटा का इस्तेमाल कर सेक्टर-63 में अपने साथियों के साथ कॉल सेंटर चलाता था, जहां से वह अपनी पूरी योजना संचालित करता और ब्लैकमेल करता था। उसके साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
सेक्टर-62 गोल चक्कर से हुई गिरफ़्तारी
डीसीपी राम बदन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किया गया व्यक्ति कुख्यात जालसाज है, जिसने कई लोगों को ठगा है। उसका डेटा निकाला जा रहा है। आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी कॉल सेंटर चलाता था, जो चीनी लोन एप के लिए कलेक्शन का काम करता था। सेक्टर-63 पुलिस ने स्थानीय खुफिया जानकारी और गुप्त सूचा के आधार पर उसे सेक्टर-62 गोल चक्कर से गिरफ्तार किया।
ऐसे करता था ब्लैकमेल
आरोपी चीनी लोन एप से रोजाना मिलने वाले डेटा के आधार पर लोगों के व्हाट्सएप नंबर पर कॉल कर उन्हें ब्लैकमेल करता था और बढ़ी हुई दरों पर लोन चुकाने की मांग करता था। जब लोग पैसे नहीं चुकाते थे, तो वह उनकी तस्वीरों को आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री के साथ संपादित करके उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से भेजता था और बड़ी रकम की मांग करता था। अगर वे पैसे देने से इनकार करते थे, तो वह संपादित तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देता था। डीसीपी के अनुसार, कई मामलों में लोगों को ऋण राशि का दस गुना तक चुकाने के लिए मजबूर किया जाता था।

