Paris Olympics 2024 Javelin Throw: नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्हें ग्रुप बी में रखा गया था, जहां उन्होंने अपने पहले प्रयास में 89.34 मीटर भाला फेंककर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। फाइनल के लिए क्वालीफाइंग मार्क 84 मीटर निर्धारित किया गया था। नीरज के अलावा पाकिस्तान के अरशद नदीम ने भी 86.59 मीटर भाला फेंककर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
नीरज चोपड़ा का इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 88.36 मीटर रहा, जो उन्होंने दोहा डायमंड लीग 2024 में हासिल किया था। पेरिस ओलंपिक 2024 के क्वालीफिकेशन राउंड में 89.34 मीटर फेंककर उन्होंने अपने सीजन के सर्वश्रेष्ठ थ्रो में सुधार किया है। क्वालीफिकेशन राउंड में दूसरे भारतीय एथलीट किशोर जेना का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 80.73 मीटर रहा, जो उन्हें फाइनल में पहुंचाने के लिए काफी नहीं था।
नीरज चोपड़ा क्वालीफिकेशन राउंड में शीर्ष पर रहे
क्वालीफिकेशन राउंड में दोनों ग्रुप को मिलाकर ीरज चोपड़ा शीर्ष पर रहे। उन्होंने 89.34 मीटर के थ्रो के साथ पहला स्थान हासिल किया, उसके बाद ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने 88.63 मीटर और जर्मनी के जूलियन वेबर ने 87.76 मीटर थ्रो किया। पाकिस्तान के अरशद नदीम 86.59 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे।
यह भी पढ़ें: Paris Olympics 2024: लक्ष्य से भटके सेन, हाथ से फिसला मेडल, पहला सेट जीतकर भी हारे
भाला फेंक प्रतियोगिता के फाइनल के लिए कम से कम 12 एथलीट क्वालीफाई करते हैं। क्वालिफिकेशन राउंड में 7 एथलीटों ने 84 मीटर के मार्क को पार करके सीधे फाइनल में अपनी जगह पक्की की। सर्वश्रेष्ठ थ्रो वाले शेष 5 एथलीट फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे। नीरज चोपड़ा अब 8 अगस्त को फाइनल में स्वर्ण पदक के लिए एक्शन में नजर आएंगे।

