अमन विहार इलाके के एक पार्क में नवजात शिशु का शव मिला। एक कुत्ते को शव को मुंह में दबाए हुए देखा गया, जिसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस को संदेह है कि जन्म के बाद नवजात शिशु को पार्क में छोड़ दिया गया था। वे पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि उन्हें 3 अगस्त को सुबह 10:08 बजे मामले की जानकारी मिली। अमन विहार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और एक सिरविहीन नवजात शिशु का शव बरामद किया। अमन विहार पुलिस ने बीएनएस की धारा 94 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों की तलाश कर रही है। वे आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर यह पता लगा रहे हैं कि पार्क में नवजात शिशु को कौन छोड़कर गया और पिछले तीन-चार दिनों में आसपास के अस्पतालों से नवजात शिशुओं के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि वे ल्द ही अपराधियों को पकड़ लेंगे।
तालाब में मिली लापता बच्ची की लाश
वहीं एक अन्य मामले में अलीपुर इलाके से लापता हुई छह वर्षीय बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में तालाब में मृत पाई गई है। पुलिस का दावा है कि शव पर कोई चोट के निशान नहीं हैं और कपड़े भी सही सलामत हैं। मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
संदिग्ध परिस्थितियों में मिला बच्ची का शव
पुलिस के मुताबिक, अलीपुर में संगीता देवी और उनके पति रहते हैं। दोनों ही काम करते हैं। रविवार शाम करीब 7 बजे जब वे काम से घर लौटे तो उनकी बेटी रेशमा गायब थी। पूछताछ करने पर पता चला कि रेशमा तीन साल की बच्ची के साथ मंदिर गई थी। छोटी बच्ची तो घर लौट आई, लेकिन रेशमा नहीं लौटी। रेशमा की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर परिवार के साथ रात भर तलाश की। सोमवार सुबह करीब 10 बजे शव बुद्ध मंदिर के पास तालाब में मिला। कपड़े सही हालत में पाए गए। बहरहाल, किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका को दूर करने के लिए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया गया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।

