Noida: नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम. ने अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बरौला, सलारपुर, भंगेल और हाजीपुर में धड़ल्ले से हो रहे अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत सोमवार को सेक्टर-107 में अवैध निर्माण को मिट्टी में मिलाया गया।
सलारपुर खसरा नंबर 780 पर कार्रवाई
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-107 के सलारपुर खसरा नंबर 780 पर ऊंची बिल्डिंग और कमरों का अवैध निर्माण हो रहा था। प्राधिकरण को इस अतिक्रमण की जानकारी मिलते ही निर्माणकर्ताओं को नोटिस भेजा गया, लेकिन उन्होंने निर्माण कार्य रोकने का पालन नहीं किया। इसके बाद नोएडा प्राधिकरण ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को गिरा दिया। अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अर्जित और कब्जा प्राप्त जमीन पर अतिक्रमण हटाने के लिए सिविल और भूलेख विभाग मिलकर कार्रवाई कर रहे हैं।
खसरों पर जारी है अतिक्रमण
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने हाल ही में बरौला, सलारपुर, भंगेल, हाजीपुर आदि गांवों का निरीक्षण किया, जहां बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण पाया गया। सलारपुर गांव में खसरा संख्या 595-596, 601 से 609, 723 से 752, 779 और 780 पर अवैध निर्माण देखा गया। भंगेल गांव में खसरा संख्या 217, 221, 223, 225, 226 पर भी अवैध निर्माण मिले। इसी प्रकार, हाजीपुर गांव में खसरा संख्या 412 पर भी अवैध निर्माण पाया गया। सीईओ डॉ. लोकेश एम. ने इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के निर्देश दिए और ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने की बात कही।
ये भी पढ़ें..
सख्त निर्देश
नोएडा प्राधिकरण ने सभी अधिकारियों को अवैध निर्माण पर सख्ती से कार्रवाई करने और अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की इस मुहिम का उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना और नागरिकों को अवैध निर्माण के खतरों से बचाना है।

