IND vs SL 2nd ODI: श्रीलंका ने दूसरे वनडे मैच में भारत के खिलाफ 240 रन बनाए। शुरुआती विकेट गंवाने के बाद मेजबान श्रीलंका ने अच्छी वापसी की, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने के कारण 250 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी। श्रीलंका की ओर से अविष्का फर्नांडो ने 62 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेलकर सर्वाधिक रन बनाए। डुनिथ वेल्लालेज ने एक और जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 39 रन बनाए, जबकि कामिंडू मेंडिस ने भी 40 रनों का अहम योगदान दिया। टीम इंडिया की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पिछले मैच में अर्धशतक लगाने वाले पथुम निसांका इस बार मोहम्मद सिराज की गेंद पर गोल्डन डक पर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद अविष्का फर्नांडो और कुसल मेंडिस के बीच 74 रनों की अहम साझेदारी हुई। लेकिन फर्नांडो और मेंडिस दोनों ने 5 रन के भीतर अपने विकेट गंवा दिए, जिससे श्रीलंका का स्कोर 3 विकेट पर 79 रन हो गया। मध्यक्रम में कप्तान चरिथ असलांका, सदीरा समरविक्रमा और जेनिथ लियानागे ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल पाए।
एक बार फिर निचले मध्यक्रम ने पारी संभाला
एक समय श्रीलंका ने 136 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन एक बार फिर निचले मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने टीम को संभाला। सबसे पहले डुनिथ वेलालेज और कामिंडू मेंडिस के बीच 72 रन की साझेदारी हुई। इसके बाद मेंडिस और अकिला धनंजय अंत तक क्रीज पर डटे रहे और न सिर्फ श्रीलंका को ऑल आउट होने से बचाया, बल्कि मिलकर 30 अहम रन भी जोड़े।
भारत की गेंदबाजी पर नजर डालें तो वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा विकेट लिए। सुंदर ने 10 ओवर की गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने सिर्फ 30 रन दिए और 3 विकेट लिए। कुलदीप यादव ने भी खतरनाक गेंदबाजी की और अपने स्पेल में 33 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके अलावा मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया। आखिरी ओवर में श्रेयस अय्यर के थ्रो पर कामिंदू मेंडिस का रन आउट होना भी एक उल्लेखनीय पल था।

